उत्तर प्रदेश दिवस पर आज से शिल्प हाट में शुरू होगा तीन दिवसीय कार्यक्रम
प्राधिकरण करेगी 249.33 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। उत्तर प्रदेश दिवस पर नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट में मंगलवार से तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। इसमें तीनों प्राधिकरण, जिला प्रशासन, उद्योग क्षेत्र व ओडीओपी के स्टॉल लगाकर जिले की प्रगति और निवेश को दिखाया जाएगा। इस दौरान प्राधिकरण नोएडा व दादरी विधानसभा क्षेत्र में 249.33 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेगी। कार्यक्रम के अंतर्गत रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। 25 जनवरी को कैलाश खेर प्रस्तुति देंगे।
कार्यक्रम को लेकर सोमवार को प्राधिकरण के अधिकारियों ने शिल्प हाट में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि पहले दिन सुबह 11 बजे शास्त्रीय नृत्य शिव आराधना के साथ कार्यक्रम शुरू होगा। इसके बाद कृषि विभाग की ओर से मोटे अनाज पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद निवेश व रोजागार पर परिचर्चा की जाएगी। दोपहर दो से शाम चार बजे तक जिले के स्थानीय रागिनी कलाकार प्रस्तुति देंगे। इसके बाद यूपी दिवस का आयोजन के तहत प्रमाण पत्र और पुरस्कार वितरण होगा।
25 जनवरी को दोपहर एक बजे से दो बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। मयूर नृत्य, फूलों की होली और राष्ट्रभक्ति पर आधारित प्रस्तुति कलाकार देंगे। दोपहर दो से शाम चार बजे तक शिक्षा व स्वास्थ्य पर परिचर्चा होगी। शाम चार बजे से सात बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसमें मेरठ से नीता गुप्ता, माला शर्मा शामिल होंगीं। वहीं, कवि सम्मेलन में विनीत चौहान, हासिम फिरोजाबादी, पूनम वर्मा शामिल होंगे। शाम सात बजे कैलाश खैर का कार्यक्रम होगा।
26 जनवरी की सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक एपीजे इंटरनेशनल स्कूल ग्रेटर नोएडा, महामाया बालिका इंटर कॉलेज के छात्र सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद नोएडा प्राधिकरण की ओर से प्रस्तुति दी जाएगी। शाम चार बजे से पांच बजे तक पुलिस कमिश्नरेट की ओर से मिशन शक्ति पर कार्यक्रम होगा। अंत में ब्रज के लोकगीत, लोकनृत्य, राष्ट्रभक्तिपूर्ण प्रस्तुति होगी।