एनसीआर में बाइक चोरी करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार
तीन आरोपियों के पास से चोरी की 12 बाइकें बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर चोरी की 12 बाइक, एक तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद हुआ है।
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ल का कहना है कि 19 सितंबर 2025 को गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने साइट-5 ओवरब्रिज के पास से तीन आरोपियों को दबोचा। आरोपियों की पहचान गोपाल शर्मा (25) निवासी गांव छपरौला, प्रिन्स (19) निवासी अलीगढ़ और नितेश (20) मथुरा के रूप में हुई। बरामद हुईं बाइकों में कुछ पर नंबर प्लेट मौजूद हैं जबकि कई बिना नंबर की हैं। इनके खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं। सेंट्रल नोएडा जोन के थाना ईकोटेक-3, दिल्ली, फरीदाबाद के थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज मिला हैं। आरोपी संगठित तरीके से बाइक चोरी करते थे। चोरी के बाद फर्जी कागजात तैयार कर उन्हें बेचने का काम करते थे। आरोपी अब तक 20 से अधिक वारदात को अंजाम दे चुके हैं। आरोपी चोरी की बाइक को बुलंदशहर में एक व्यक्ति को सस्ते दाम में बेचते थे। जो पैसे मिलते थे उसे आपस में बांटकर मौज मस्ती करते थे।