नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने 17.80 करोड़ की हेरोइन के साथ तीन आरोपी गौरव, वंश पोपट और अरसलाम खान उर्फ दानिश को गिरफ्तार किया है। प्रतिबंधित पदार्थ ले जाने में इस्तेमाल की जाने वाली आई-20 कार और स्कूटी भी जब्त की गई है।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव के अनुसार शाखा की एएनटीएफ टीम ने गौरव को 1412 ग्राम हेरोइन की खेप पहुंचाने के लिए जाते समय रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गौरव ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने वंश पोपट नाम खेप खरीदी थी। पुलिस टीम ने आरोपी वंश को 2 सितंबर को 26 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वंश पोपट से पूछताछ में एक प्रमुख सप्लायर बरेली, यूपी निवासी अरसलाम खान उर्फ दानिश का नाम सामने आया। पुलिस टीम ने बरेली के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी कार की तलाशी लेने पर 2077 ग्राम के स्मैक से भरे चार पैकेट व 50 ग्राम हेरोइन वाला एक और पैकेट भी बरामद किया गया। ब्यूरो