फ्लिपकार्ट कंपनी से चोरी करने वाले कैशियर समेत तीन गिरफ्तार
- कोड व चाबी देकर मैनेजर ने फिल्मी अंदाज में कराई थी चोरी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। फ्लिपकार्ट कंपनी के मैनेजर ने अपने ही दफ्तर में कोड व चाबी देकर साथियों से लाखों की नकदी चोरी कराई थी। कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने इस मामले में फ्लिपकार्ट के मैनेजर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4.05 लाख रुपये और सिपमेंट बॉक्स बरामद किए हैं।
सेक्टर-57 स्थित फ्लिपकार्ट के हब इंचार्ज प्रदीप कुमार यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक अक्तूबर की रात कंपनी से सामान व लाखों की नकदी चोरी हुई है। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कंपनी के कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका जताई थी। जब कंपनी के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो सामने आया कि मास्क और हेलमेट लगाकर दो युवक कंपनी के बाहर आए और उन्होंने ही चोरी की घटना को अंजाम दिया। बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची तो सामने आया कि कैशियर ने दोनों युवकों को चाबी और लॉकर का कोड उपलब्ध कराकर अंदर भेजा था। कैशियर भी कंपनी से थोड़ी दूर पर खड़ा था। वारदात के बाद तीनों एक ही बाइक से भागे थे। इसके बाद पुलिस की टीम ने बिसरख निवासी सिकेश और रविंद्र यादव व देवरिया निवासी अंकित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सिकेश कंपनी में मैनेजर है।
-
कर्ज चुकाने के लिए कराई चोरी
पुलिस पूछताछ में आरोपी मैनेजर सिकेश ने बताया कि वह कर्ज में था। इस कारण उसे पैसों की जरूरत थी। कंपनी में वह कैश का काम देखता था। रविवार को दो दिन का कैश एकत्र हो जाता था। कंपनी में लॉकर का कोड अन्य कर्मचारियों के पास होता था। इस कारण उसने चोरी की साजिश रचते हुए अपने साथियों को कोड बताकर चोरी कराई। सिकेश ने योजना के तहत अपने साथियों को मास्क और हेलमेट लगाकर अंदर जाने के लिए कहा था।