एक फरार की तलाश जारी, साथ में शराब पीने के दौरान विवाद के बाद कर दी थी हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने गोविंदपुरी इलाके में 35 वर्षीय युवक की हत्या कर उसका शव फरीदाबाद के जंगल क्षेत्र में फेंकने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। चौथा आरोपी राहुल बिधूड़ी अभी फरार है।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त हेमंत तिवारी ने बताया, विकास मावी उर्फ विक्की की गुमशुदगी की रिपोर्ट 8 दिसंबर को दर्ज कराई गई थी। इसके बाद जिले की पुलिस ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मोबाइल फोन रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर तीन आरोपी विशाल राय, प्रदीप, और केशव बिधूड़ी की संलिप्तता का पता लगा। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सबसे पहले विशाल राय को पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि 7 दिसंबर को तुगलकाबाद गांव में वह लोग साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनका आपस में विवाद हो गया। तीनों ने मिलकर मावी की पिटाई कर दी। इससे उसकी मौत मौत हो गई। आरोपियों ने शव उसकी ही कार में रखकर फरीदाबाद के सूरजकुंड क्षेत्र के पास स्थित एक जंगल में फेंक दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए इलाके से सीसीटीवी का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) निकाल लिया था। विशाल राय और प्रदीप पर पहले से कई क्रिमिनल केस दर्ज हैं, जबकि केशव बिधूड़ी का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है।