तावडू। तावडू-रेवाड़ी रोड पर गांव खोरी कलां बैरियर पर एक किराना दुकानदार से 50 हजार रुपये की रंगदारी नहीं मिलने पर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद चार नामजद आरोपियों के अलावा अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित दुकानदार सोराम पुत्र गंगाश्री लाल निवासी गांव बानसूर जिला अलवर हॉल निवासी हनुमान नगर तावडू ने बताया कि उसने तावडू-भिवाड़ी सीमा बैरियर पर एक किराना की दुकान की हुई है। आरोपी विक्रम व सतपाल ने भी बगल में किराना की दुकान की हुई है, जो पिछले एक महीने से आते जाते उसे रुपयों के लिए परेशान कर रह थे। डर की वजह से उसने मामले को आगे नहीं बढ़ाया। आरोपी विक्रम, सुभाष, तेजपाल व सतपाल अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और अन्य 8-10 बदमाशों के साथ उसकी दुकान पर आए और रंगदारी के तौर पर 50 हजार रुपये की मांग करने लगे। गत 4 मई सुबह करीब 9 बजे पीड़ित का रिश्तेदार मुकेश दुकान पर बैठा हुआ था। उसी दौरान आरोपी अन्य के साथ मौके पर आए और उसके साले मुकेश के ऊपर लाठी-डंडों व कांच की बोतल से वार कर दिया। इस हमले में वह घायल हो गया। आरोपियों द्वारा की गई घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे ने कैद हो गई। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर चार नामजद आरोपी विक्रम व सुभाष निवासी सूरज सिनेमा व तेजपाल निवासी शाहडोद व सतपाल निवासी पलवल सहित अन्य के खिलाफ धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।