तीन तलाक देकर पत्नी के अश्लील फोटो वायरल करने की दे रहा धमकी
जारचा। एक युवक पर पत्नी को तीन तलाक देने और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़िता ने पति, देवर और पति के चाचा के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। पीड़िता का कहना है कि पति उससे 50 हजार रुपये की मांग कर रहा है। नहीं देने पर गाली-गलौच किया और जान से मारने की नियत से फायरिंग भी की गई।
पुलिस के मुताबिक, रेलवे रोड स्थित एक कॉलोनी में रहने वाली महिला ने 2018 में आरोपी युवक से लव मैरिज की थी। महिला का पति आपराधिक प्रवृत्ति का है। इस बात पर आए दिन दोनों में झगड़ा होता था। ऐसे में युवक ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। इसके बाद युवक किसी केस में जेल चला गया। इसी बीच महिला मायके में आकर पढ़ाई करने लगी। आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद आरोपी ने महिला से 50 हजार रुपये मांगे। मना करने पर शादी के बाद मोबाइल से बनाए पत्नी के अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देने लगा। 19 मई को आरोपित अपने चाचा के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और रुपये नहीं देने पर पूरे परिवार को मारने की धमकी दी। उसके अगले दिन आरोपित का भाई घर पर बाहर खड़ा होकर गाली गलौच करने लगा। पीड़िता ने मना किया तो उस पर जान से मारने की नियत से फायरिंग की। दादरी के एसएचओ राजवीर सिंह चौहान ने बताया पीड़िता की तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।