भाजपा नेता को तीन दिन में जान से मारने की धमकी
ग्रेटर नोएडा। भाजपा के ग्रेटर नोएडा मंडल मंत्री नवीन भाटी को तीन दिन में जान से मारने की धमकी मिली है। पीड़ित के मुताबिक कॉल करने वाले ने जेल से फोन करने का दावा किया था। भाजपा नेता का संपत्ति विवाद चल रहा है। मामले में पहले केस दर्ज हो चुका है। नेता की शिकायत पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के शहदरा गांव निवासी नवीन भाटी ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने कॉल कर तीन दिन में जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने कॉल कर कहा है कि वह जेल से बोल रहा है। कॉल की ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। नवीन का कहना है कि इससे पहले भी उन पर हमला हो चुका है। उन्हें डर है कि आरोपी उन पर हमला कर सकते हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर एनसीआर दर्ज कर जांच की जा रही है। जेल से जैमर लगे होने के कारण मोबाइल से कॉल संभव नहीं है। हालांकि कॉल कहां से की गई है और किसने की है इसकी जांच की जा रही है।