-कोतवाली क्षेत्र के एक निजी स्कूल में विद्यार्थी का अभिभावक है आरोपी, शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर (संवाद)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव स्थित निजी स्कूल में शिक्षिका के साथ एक व्यक्ति ने अभद्रता कर दी। स्कूल प्रबंधक के अभद्रता का विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी है। प्रबंधक ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली में शिकायत की है। प्रबंधक का कहना है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।
दनकौर निवासी एक व्यक्ति का कहना है कि उसका उस्मानपुर गांव में स्कूल है। स्कूल में शिक्षिका भी पढ़ाती हैं। गांव के एक व्यक्ति के बच्चे उनके स्कूल में पढ़ते हैं। शिक्षिका का मोबाइल नंबर बच्चों के पिता के पास है। आरोप है कि पिता शिक्षिका को कॉल कर अश्लील बातें करता है। साथ ही स्कूल पहुंचकर अभद्रता करता है। आरोप है कि रविवार से आरोपी प्रबंधक को गोली मारने की धमकी दे रहा है। धमकी की ऑडियो भी प्रबंधक के पास है। प्रबंधक का कहना है कि शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।