-फ्लैट खरीदारों ने बताया कि जीवन की सारी जमापूंजी लगाकर घर खरीदा था
-जेपी ग्रुप के एमडी की गिरफ्तारी के बाद जेपी विशटाउन व अन्य सोसाइटियों में चर्चा का माहौल रहा
माई सिटी रिपोर्टर, नोएडा। जेपी ग्रुप की परियोजनाओं में घर खरीदकर फंसे करीब 18 हजार फ्लैट खरीदार 10-15 साल से अपना घर मिलने का इंतजार कर रहे हैं। अधूरी परियोजनाएं कब पूरी होंगी इस संबंध में खरीदारों को भी कुछ नहीं पता है। यही वजह है कि खरीदार भी शासन-प्रशासन से न्याय की मांग कर रहे हैं।
फ्लैट खरीदारों से धोखाधड़ी के आरोप में जेपी ग्रुप के एमडी की गिरफ्तारी के बाद जेपी विशटाउन समेत अन्य सोसाइटियों में चर्चा का माहौल रहा। जेपी विशटाउन की परियोजनाओं में घर खरीदकर फंसे फ्लैट खरीदार अधिकतर अन्य सोसाइटियों में किराए पर रहते हैं। घर का किराया देने के साथ ही अबतक लोन की ईएमआई भी चुका रहे हैं।
सुरक्षा का काम बढ़ाने की जरूरत : जिला रियल एस्टेट अलॉटी वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष आशीष मोहन गुप्ता ने कि आज जेपी ग्रुप की कुछ परियोजनाओं को सुरक्षा ने टेकओवर कर लिया है, लेकिन सुरक्षा का काम भी बहुत धीमा है। सुरक्षा के पास पैसे की उपलब्धता है ऐसे में सुरक्षा अपने काम में गति लेकर आए ताकि घर खरीदारों को जल्दी ही उनका घर मिल सके।
ये परियोजनाएं अबतक अधूरी : जेपी ग्रुप की परियोजनाओं में अबतक गार्डन आइल्स, ऑर्चड, कासा आइल्स, क्यूब, विश प्वाइंट, क्रेसेंट होम्स, सनी वेल, तनिष्क स्कवायर एवं पेबल कोर्ट अधूरी परियोजनाएं हैं और यहां पर अबतक लोग रहते नहीं हैं। इसके अलावा कुछ टावर कॉसमॉस, क्लासिक, केंसिंग्टन पार्क अपार्टमेंट और केंसिंग्टन बुलेवर्ड अपार्टमेंट में अधूरे हैं।
-
फ्लैट खरीदारों से बातचीत
हमने 2014
में विश प्वाइंट में एक यूनिट की बुकिंग की थी और इसका पजेशन 2017 में मिलना था, लेकिन अबतक पजेशन नहीं मिला है। प्रोजेक्ट में सुरक्षा काम कर रही है, लेकिन काम की गति बहुत धीमी है।
आशीष मोहन गुप्ता, खरीदार
हमने केंसिंग्टन बुलेवर्ड अपार्टमेंट में 2010 में फ्लैट बुक किया था। उस समय मैं 49 साल का था, अब 64 का हूं। सोचा था कि बुढ़ापे में यहां पर आकर रहेंगे और बेटे की शादी भी हो गई है, लेकिन घर मिलने का कुछ पता नहीं है।
ईश्वर केवलरमानी, खरीदार
हमने 2010 में क्रिसेंट होम्स परियोजना में फ्लैट की बुकिंग करवाई थी, जिसका पजेशन 2014 में मिलना था, लेकिन आजतक वहां पर हमारे फ्लैट वाला टावर ही नहीं बना। ऐसे में फ्लैट कब मिलेगा कुछ पता नहीं। हमारे पास सिर्फ इंतजार के अलावा और कुछ नहीं है।
रश्मि सिंघल, खरीदार
क्यूब में 2010 में फ्लैट की बुकिंग करवाई थी। बताया गया था चार तरह के जापानी गार्डन के साथ फुल फर्निश्ड घर मिलेगा, अबतक नहीं मिला है। हमने अपने घर का 2011 में पूरा भुगतान कर दिया था।
विशाल द्विवेदी, खरीदार
मेंटनेंस के नाम पर सिर्फ पैसे ले रहा बिल्डर : पवेलियन हाइट्स एंड पवेलियन कोर्ट के एओए अध्यक्ष मनिकेष नाथ तिवारी ने बताया कि टाउनशिप में एक ग्रीन एरिया था, बिल्डर ने वहां पर गोल्फ कोर्स डेवेलप कर दिया और मेंबरशिप के नाम पर लाखों रुपये ले रहा। बी-4 कल्स्टर के आईएफएमएस का करीब 25 से 30 करोड़ रुपये बिल्डर नहीं दे रहा है। मेंटनेंस के नाम पर सिर्फ पैसे लिए जा रहे हैं।