- विवि में शुरू हुई सात दिवसीय सब-जूनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप, ओलंपियन ने दिया खिलाड़ियों को जीत का मंत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। जिंदगी में हारने के बाद जीतने का जज्बा रखने वाला खिलाड़ी ही सफलता हासिल करता है। उन्होंने कहा कि बॉक्सर के जीवन में उतार-चढ़ाव आते जाते हैं, लेकिन कोच का सम्मान और लगातार प्रयास ही सफलता की कुंजी है। आज के बॉक्सरों में ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने की क्षमता है। यहां बैठे प्रतिभागियों में से कोई न कोई भविष्य में भारत का ओलंपिक पदक विजेता बनेगा। यह बातें ग्रेटर नोएडा के गलगोटिया विश्वविद्यालय में आयोजित हुई सब-जूनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद ओलंपियन, पद्मश्री एवं अर्जुन अवाॅर्डी बॉक्सर विजेंदर सिंह ने कहीं। वहीं प्रतियोगिता में स्वर्ण विजेता करीब 30 बॉक्सर एशियाई गेम्स में शामिल होने के लिए इंडिया प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगे।
उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से आज से सात दिवसीय चौथी सब-जूनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आगाज हुआ। बालक व बालिका वर्ग में 15 अलग-अलग भारवर्ग में 800 से अधिक बॉक्सर शुक्रवार से दो रिंग में पंच लगाते हुए नजर आने वाले हैं। उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव प्रमोद कुमार ने बताया कि शुभारंभ बॉक्सर विजेंदर सिंह, विवि के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. ध्रुव गलगोटिया, अर्जुन अवाॅर्डी व कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता मनोज कुमार ने किया। प्रतियोगिता में करीब 29 राज्यों से 30-33, 33-35, 35-37, 37-40, 40-43, 43-46, 46-49, 49-52, 52-55, 55-58, 58-61, 61-64, 64-67, 67-70 और 70 से अधिक भारवर्ग तक बालक व बालिका मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं। डॉ. ध्रुव गलगोटिया ने बताया कि इस चैंपियनशिप से प्रतिभावान मुक्केबाजों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का मंच मिलेगा।