सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। नोएडा में अलग-अलग स्थानों से चार बाइक और एक कार चोरी हो गई। सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के वाजिदपुर में चोरों ने कमरे में सो रहे युवक की जेब से बाइक की चाबी निकाल ली और बाहर खड़ी बाइक चोरी कर फरार हो गए। वाजिदपुर निवासी आनंद कुमार यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 अगस्त की रात करीब 12 से सुबह चार बजे के बीच जब वह सो रहे थे तभी चोर उनके कमरे में घुस आए। वहीं, फेज-2 थाना क्षेत्र के नयागांव में कंपनी के बाहर खड़ी कर्मचारी की बाइक चोरी हो गई। शाम को ड्यूटी खत्म होने के बाद देखा तो बाइक गायब थी। सूरजपुर निवासी दलवीर सिंह ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। नयागांव में ही घर के बाहर खड़ी चार दिन पुरानी बाइक 2 अक्तूबर को चोरी हो गई। दो अक्टूबर की शाम ड्यूटी से लौटने के बाद उसने बाइक घर के बाहर खड़ी की थी। अखिल की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी ओर, सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के सेक्टर-50 स्थित पार्क के गेट के बाहर खड़ी बाइक चोरी हो गई। सेक्टर-73 के सर्फाबाद निवासी अनमोल 16 सितंबर को पार्क के गेट के बाहर बाइक खड़ी कर कुछ समय बाद लौटे तो बाइक वहां नहीं मिली। वहीं, थाना क्षेत्र में ही जिम के बाहर खड़ी इको कार 29 सितंबर की रात चोरी हो गई। कर्मचारी हेमंत कुमार के काफी तलाश करने के बाद भी सुराग नहीं मिलने पर कंपनी के एचआर मैनेजर ने पुलिस से शिकायत की। एडीसीपी अभय मिश्र ने बताया कि सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।