पुलिस को दी शिकायत में अभिषेक शर्मा ने बताया कि वह पत्नी सेजल गोयल के साथ महागुन मीडोज सोसाइटी के टावर-बी स्थित फ्लैट में रहते हैं। उन्होंने घर में खाना बनाने और साफ-सफाई के लिए एक घरेलू सहायिका और घरेलू सहायक को रखा हुआ है। दोनों पिछले करीब दो साल से उनके यहां काम कर रहे हैं। अभिषेक के मुताबिक शनिवार शाम वह अपनी पत्नी के साथ किसी काम से बहन के घर गए थे। इसी दौरान घरेलू सहायिका का उनकी पत्नी के मोबाइल पर फोन आया और उसने घर पर होने के संबंध में जानकारी ली। देर रात करीब 12 बजे दंपती वापस फ्लैट पर पहुंचे तो घर में लॉकर टूटा मिला। लॉकर में रखी करीब दो लाख रुपये की नकदी गायब थी।
इसके बाद उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक व्यक्ति किचन से बेडरूम की तरफ जाता दिखाई दिया। किचन की जांच करने पर वहां शीशा भी टूटा मिला। फुटेज के अनुसार संदिग्ध शाम करीब 7:40 बजे फ्लैट में दाखिल हुआ और करीब 7:53 बजे बाहर निकल गया। यानी करीब 13 मिनट में वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़ित का कहना है कि चोरी करने वाले ने काले रंग का सलवार-सूट पहन रखा था और लाल रंग के दुपट्टे से चेहरा ढका हुआ था। उन्होंने घरेलू सहायिका और इलेक्ट्रीशियन पर संदेह जताया है। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।