-एक्सप्रेसवे के अलावा ईपीई इंटरचेंज को भी टोल फ्री रखने की तैयारी
- प्राधिकरण ने बनाई आवाजाही को सुगम बनाने की योजना
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नोएडा एयरपोर्ट अगले महीने शुरू हो जाएगा। यहां आने में यात्रियों को कोई असुविधा नहीं हो। इसके लिए भी योजनाओं पर काम यमुना प्राधिकरण ने शुरू कर दिया है। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि किसी भी एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय व राज्य राजमार्ग से नोएडा एयरपोर्ट आने पर 40 किमी दायरे में कोई टोल नहीं रहेगा।
प्राधिकरण के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नोएडा एयरपोर्ट की जरूरत को देखते हुए पहले ही जेवर टोल प्लाजा को शिफ्ट नहीं होने दिया गया। जबकि, टोल कलैक्शन में लगी कंपनी ने यह प्रस्ताव भी दिया कि इससे उनको राजस्व हानि होगी। इस प्रस्ताव का खारिज कर ग्रेटर नोएडा की तरफ से एयरपोर्ट जाने के लिए पूरे रास्ते को टोल मुक्त रखने का फैसला लिया गया। अब ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर एयरपोर्ट जाने के लिए बन रहे इंटरचेंज पर भी टोल नहीं लगाए जाने पर सहमति बन गई है। ऐसे में गाजियाबाद, मेरठ, फरीदाबाद से आने पर भी कोई टोल एयरपोर्ट जाने के लिए नहीं देना होगा।
अधिकारियों का कहना है कि प्राधिकरण ने इसके लिए एनएचएआई, जेपी समूह के अलावा दूसरे स्टेकहोल्डर्स से भी बात की है। 40 किमी के दायरे को टोल मुक्त रखना इसलिए भी जरूरी है कि यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने में असुविधा नहीं हो। ऐसा नहीं हो कि टोल पर गाड़ी फंस जाए और फ्लाइट के लिए देरी हो। इसी तरह एयरपोर्ट परिसर में भी पार्किंग टिकट के नाम पर देरी नहीं हो। इसे भी प्राधिकरण सुनिश्चित कराएगा। नायल से भी इसके लिए वार्ता अधिकारी कर रहे हैं। एयरपोर्ट शुरू होने से पहले ही इसे सुनिश्चित किया जाएगा जिससे बिना अटके यात्री सीधे बोर्डिंग के लिए जा सकें।
वर्जन-
हमारे प्रयास है कि यात्रियों का नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंचना सुगम हो। इसके लिए सभी अड़चनों को दूर किया जा रहा है। इंटरचेंज बनाने का काम भी तेज कराया गया है।
- राकेश कुमार सिंह, सीईओ, नायल व यमुना प्राधिकरण