- देश की चारों दिशाओं की प्रमुख 22 धरोहरों की प्रतिकृति बनाएगा ग्रेनो
- पूर्व की बनी योजना में किए गए बदलाव, अब धरोहरों को निहारने के अलावा संगीत से जुड़े प्रदर्शकों से बढ़ेगा आकर्षण
- करीब 16 करोड़ रुपये होने प्रोजेक्ट पर खर्च, 20 साल तक संचालन करेगी निजी एजेंसी
फोटो - डिजाइन।
अतुल भारद्वाज
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो के तुस्याना में बने डी-पार्क में देश की 22 प्रमुख धरोहरों के साथ संगीत की जुगलबंदी दिखेगी। यहां अद्भुत भारत पार्क के प्रस्तावित डिजाइन में देश की चारों दिशाओं में मौजूद राज्यों की प्रतिकृतियां बनाई जाएंगी। बच्चों के लिए संगीत से जुड़े प्रदर्शन भी शामिल किए जा रहे हैं। करीब 16 करोड़ रुपये इस प्रोजेक्ट पर खर्च किए जाने हैं।
प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि कुछ जरूरी संशोधन के बाद अद्भुत भारत पार्क का प्रस्तावित डिजाइन तैयार हो गया है। पहले इसे बनाने के लिए एजेंसी के चयन की प्रक्रिया को भी प्राधिकरण ने आगे बढ़ा दिया था। अब 25 अगस्त को तकनीकी बिड खुलेगी। इसके बाद प्रजेंटेशन के आधार पर एजेंसी का चयन किया जाएगा। पार्क को विकसित करने के लिए खर्च एजेंसी को करना है। प्राधिकरण 20 साल के लिए इस पार्क को संचालन का एजेंसी को देगा। एजेंसी इसे टिकट के आधार पर चलाएगी।
प्राधिकरण के प्रस्तावित डिजाइन के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा लिंक रोड पर मौजूद डी-पार्क के मुख्य सड़क की तरफ से हिस्से को चार भाग में बांटा गया है। इसे पूर्व, उत्तर, पश्चिम और दक्षिण नाम दिए गए हैं। अपनी भौगोलिक स्थिति के अनुसार ही यहां पूर्व, उत्तर, पश्चिम और दक्षिण में 36 फुट ऊंची प्रतिकृतियां तक बनाई जाएंगी। इनमें सबसे अधिक ऊंची प्रतिकृति तमिलनाडु के बृहदेश्वर मंदिर की बनाई जानी प्रस्तावित है। वहीं, ग्वालियर फोर्ट, जागेश्वर धाम, जैन मंदिर रनकपुर, डीग पैलेस, अनंत वासुदेव मंदिर भुवनेश्वर आदि भी यहां देखे जा सकेंगे।
इनसेट-
वायलिन, टॉॅक ट्यूब भी बनेंगे आकर्षण
देश की प्रमुख धरोहरों की प्रतिकृति के अलावा संगीत में उपयोग होने वाले वाद्ययंत्र के माॅडल भी यहां बनाए जाएंगे। इन मॉडल को इस तरह से तैयार किया जाना है कि इनसे मूल संगीत भी पैदा हो। टॉक ट्यूब का मॉडल बच्चों के लिए खासतौर पर उनकी आवाज को संगीतमय बनाने के लिए खास होगा। इसके अलावा पार्किंग, शौचालय और फूडकोर्ट जैसी सुविधाएं भी यहां विकसित की जानी हैं।
-
वर्जन-
शहर को आकर्षक बनाया जा सके। यहां नए आकर्षण विकसित होना जरूरी हैं। ऐसे में सभी पार्क को नए तरीके से तैयार किया जाना है। इससे लोग यहां अपने खाली समय में परिवार के साथ आकर बेहतर समय गुजार सकेंगे। अद्भुत भारत पार्क इनमें से एक होगा।
- एनजी रवि कुमार, सीईओ, ग्रेनो प्राधिकरण।