पथरी। मंगलवार को लगातार 11 घंटे बिजली गायब रही है। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी है। लोगों को बगैर बिजली के पानी की समस्या से जूझना पड़ा है। मंगलवार को सुबह आठ बजे बिजली गायब हुई और शाम को सात बजे के बाद आई। लोगों का कहना है कि बिजली आने जाने का कोई निर्धारित समय नहीं है। चौबीस घंटे में दस बारह घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है। बगैर बिजली के लोगों के रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे है। जगदीश, चरण सिंह, सुरेश, सुभाष, इकबाल, आबिद, नवाब, तसलीम आदि लोगोें का कहना है कि दिन में लगातार कई-कई घंटे की बिजली कटौती की जा रही है। इन दिनोंं क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। क्षेत्र के नसीरपुर कलां, शाहपुर शीतलाखेड़ा, रानीमाजरा, शेरपुर, बादशाहपुर, भट्टीपुर, भोवापुर चमरावल, नई कुंडी, हरसीवाला, धारीवाला, टिकोला समेत कई गांवों के लोगों को बगैर बिजली के परेशानी उठानी पड़ रही है। ऊर्जा निगम के जेई राधेश्याम का कहना है कि मंगलवार को क्षेत्र में बिजली की लाइनों के तार बदले गए है, जिससे बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी है।