सिद्धार्थनगर। कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डाॅ. राजा गणपति आर ने रबी फसल में खाद बिक्री के संबंध में होलसेलर और रिटेलर के साथ बैठक की। डीएम से कुछ होलसेलर एवं रिटेलरों ने अपनी समस्याएं बताईं।
जिलाधिकारी ने कहा धान की फसल के दौरान खाद को लेकर जो समस्या आई है वह समस्या रबी की फसल में नहीं आनी चाहिए। थोक विक्रेता व कंपनी की ओर से उर्वरकों के साथ टैगिंग न दें। फुटकर विक्रेताओं का उर्वरक निर्धारित दर पर बिक्री करें। जांच के समय ऐसा पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत कार्रवाई की जाएगी।
सभी किसान भाइयों को समय से एवं निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराया जाए। उक्त नियमों का अनुपालन कड़ाई से किया जाए। सभी सहकारी एवं निजी बिक्री केंद्रों पर उर्वरक का मूल्य एवं फर्म का नाम पेंट से लिखा जाए। उर्वरकों की बिक्री शत-प्रतिशत पीओएस मशीन से कराई जाए, जिसकी पर्ची किसान को अवश्य दी जाए।
उर्वरक की बिक्री जोत बही, खतौनी के आधार पर की जाए। इस दौरान एडीएम गौरव श्रीवास्तव, उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, एआर कोआपरेटिव, जिला कृषि अधिकारी मु. मुजम्मिल मौजूद रहे।