-
तीन करोड़ के आलीशन घर तक पहुंचने का रास्ता ही नहीं
-ग्रेनो वेस्ट की ऐस डिविनो समेत 6 सोसाइटियों के 10 हजार परिवार परेशान
-बुरी तरह टूट चुकी है सड़क, स्कूटी व बाइक गिरने से घायल हो रहे है निवासी
-आरोप है कि बार-बार शिकायत के बाद भी प्राधिकरण नहीं बना रहा है सड़क
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोडा। ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर एक की छह सोसाइटियों के 10 हजार परिवार टूटी सड़क से परेशान है। करीब तीन किमी लंबी सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं। जो बरसात में खतरनाक साबित हो रहे हैं। कई हादसों में बच्चे व महिला घायल हो चुके हैं। निवासियों का कहना है कि तीन करोड़ के आलीशन घर तक पहुंंचने का रास्ता नहीं है। जबकि प्रोजेक्ट को सबसे महंगा घर के नाम से बेचा गया था। आरोप है कि ग्रेनो प्राधिकरण रास्ता बनाने पर ध्यान नहीं दे रहा हैं।
निवासियों ने बताया कि ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-1 में ऐमनाबाद गांव के पास ऐस डिविनो सोसाइटी है। जहां बिल्डर ने दिसंबर, 2022 में कब्जा दिया था। इस समय करीब 1200 परिवार रह रहे हैं। मुख्य सड़क से सोसाइटी तक करीब 500 मीटर लंबी सड़क है। जो आगे अन्य सोसाइटियों के सामने से होकर वापस मुख्य सड़क पर आकर मिलती है। ऐस डिविनो के अलावा विहान ग्रीन, अंतरिक्ष, फ्लोरा, एआईजी और अरिहंत अंबर सोसाइटी इसी रास्ते पर आते हैं। इन सोसाइटियों के करीब 10 हजार परिवार परेशान हैं। ऐस डिविनो सोसाइटी के निवासियों ने बताया कि दो साल से अब तक सोसाइटी तक पहुंचने का रास्ता नहीं मिला हैं। बरसात के समय रास्ता खतरनाक हो जाता है। कार टूटने के अलावा स्कूटी व बाइक फिसल रहे हैं। काफी लोग यहां से दूसरी जगह जाने की तैयारी कर रहे हैं। -
सांसद को सोसाइटी में बुलाया गया था। ताकि सड़क की हकीकत का पता चल सके, लेकिन उसके बाद भी स्थिति जस की तस है।
अचिन्त्य शुक्ला, निवासी
सोसाइटी में दो से तीन करोड़ तक के फ्लैट और पेंटहाउस हैं, लेकिन उन तक पहुंचने का रास्ता नहीं है। गड्ढों से होकर निकलना पड़ता है।
संजीव पुंडीर, निवासी
बार-बार शिकायत के बाद भी प्राधिकरण सड़क बनवा रहा है। बिल्डर भी इसमें कोई मदद नहीं कर रहा है। ऐसे में प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
कृष्ण कुमार आचार्य, निवासी
सोसाइटी में काफी महंगे फ्लैट हैं। किसी दूसरी जगह रहने की सलाह देते हैं। प्राधिकरण को इस समस्या पर ध्यान देने की जरूरत हैं।
पुष्पेंद्र सिंह, निवासी
सेक्टर एक के करीब 10 हजार परिवार परेशान हैं, लेकिन प्राधिकरण पर इसका कोई असर नहीं पड़ रहा है। इसका खामियाजा निवासियों को भुगतना पड़ रहा है।
सिद्धार्थ शुक्ला, निवासी
टूटी सड़क से निकलने में डर लगने लगा है। हाल ही में एक महिला की स्कूटी फिसल गई। जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। बच्चे भी घायल हो चुके हैं।
जोगिंद्र शर्मा, निवासी