संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शहर के व्यस्त मीनार गेट इलाके में बुधवार रात चोरों ने एक साथ कई दुकानों से लाखों रुपये की नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। न्यू कॉलोनी निवासी दीपक जुनेजा की जुनेजा सिलेक्शन नामक दुकान में चोरों ने छत के रास्ते घुसकर वारदात को अंजाम दिया। सुबह करीब 9:30 बजे दुकान खोलने पर गल्ला बाहर मिला और उसमें रखे करीब 1.90 लाख रुपये तथा 80-90 हजार रुपये के कपड़े चोरी पाए गए। जांच में दुकान के ऊपर लगा शटर टूटा मिला। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध युवक चोरी करते नजर आए हैं।
इसी रात आसपास की अन्य दुकानों को भी निशाना बनाया गया। अजय कुमार की दुकान से 10-15 हजार रुपये, अंकुर गोयल की दुकान से 8-10 हजार रुपये, तरुण की साइकिल स्टोर से करीब 1200-1500 रुपये और विपिन गोयल की दुकान से 2-2.5 हजार रुपये की नकदी चोरी हुई है। पीड़ित व्यापारियों ने बताया कि सभी वारदातें देर रात एक ही गिरोह द्वारा की गई प्रतीत होती हैं। मामले की शिकायत शहर थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना शहर प्रभारी प्रकाश चंद ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।