साहिबाबाद। अर्थला स्थित संजय कॉलोनी निवासी मनोज कुमार के बेटे आयुष को कुछ अज्ञात लड़कों ने पीटकर घायल कर दिया। उसके नाक की हड्डी टूट गई। विवाद तीन नवंबर की शाम को हुआ जब आयुष सामान लेने बाजार गया था। आरोपियों ने टक्कर लगने का विरोध करने पर युवक से मारपीट की थी। पुलिस ने पांच नवंबर की रात मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दर्ज मुकदमे में मनोज कुमार ने बताया कि उन्होंने बेटे आयुष को बाजार धनिया लेने भेजा था। रास्ते में कुछ अज्ञात लड़कों ने उसकी स्कूटी में सामने से गलत दिशा में आकर टक्कर मार दी। बेटे ने जब इसका विरोध किया तब आरोपियों ने कहासुनी शुरू कर दी। इसके बाद बुरी तरह मारपीट की। सूचना पर बाजार पहुंचे और घायल बेटे को नरेंद्र मोहन अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसकी नाक की हड्डी में फ्रेक्चर होने की पुष्टि की। बताया कि वर्तमान में वह अस्पताल में भर्ती है। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।