नोएडा। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को डीएम मेधा रूपम से मुलाकात कर व्यापार के दौरान आने वाली समस्याएं, चुनौतियों को लेकर चर्चा की। डीएम ने अधिकारियों को फोन कर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने बताया कि उन्होंने डीएम के समक्ष बरौला से गुजरने वाले भंगेल एलिवेटेड रोड शुरू न होने, नोएडा प्राधिकरण से जुड़ी समस्याओं समेत जीएसटी व ट्रैफिक से जुड़ी समस्याओं को लेकर गहन चर्चा की।
बरौला क्षेत्र के व्यापारी शिवा चौहान ने बताया कि व्यापारी उस क्षेत्र के व्यापारी एलिवेटेड की शुरुआत न होने से खासा परेशान हैं। वहीं होशियारपुर के व्यापारी मनीष शर्मा ने बताया कि सेक्टर-51 में चार यू टर्न होने से यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल ने बताया किस प्रकार ट्रैफिक पुलिस खड़े वाहनों के चालान कर देती है, तो वहीं नोएडा प्राधिकरण द्वारा भी पार्किंग की व्यवस्था नहीं दी जाती है। प्रदेश चेयरमैन नवनीत गुप्ता ने कहा कि दिल्ली से चलकर नोएडा होते हुए ओवरलोड बसें गुजरती हैं उन पर सख्ती बढ़नी चाहिए। ब्यूरो