सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर युवक ने दी जान
नोएडा। मामूरा गांव में रहने वाले एक बीपीओ कर्मी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर फंदे पर लटककर जान दे दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पश्चिम बंगाल के 24 परगना निवासी राहुल पिछले छह माह से मामूरा की गली नंबर दो स्थित मिश्रा पीजी में रहता था। वह एक कॉल सेंटर में काम करता था। शुक्रवार शाम दोस्त कमरे पर नहीं था। रात में जब दोस्त कमरे पर पहुंचा तो राहुल फंदे पर लटका हुआ था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसने आत्महत्या करने से कुछ देर पहले इंस्टाग्राम पर संदेश छोड़ा था। उसमें बताया था कि वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा है। वहीं, राहुल के दोस्त ने पुलिस को बताया कि वह एक युवती से प्रेम भी करता था। अक्सर फोन पर बात करता था। पुलिस संभावना जता रही है कि प्रेम-प्रसंग के चलते ही राहुल ने आत्महत्या की है। कोतवाली फेज-3 के प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने अभी तक मामले में कोई शिकायत नहीं की है। ब्यूरो