युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या
ग्रेटर नोएडा। इकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कंपनी में शनिवार सुबह युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान दीपक सदा निवासी थाना भरवरिया समस्तीपुर, बिहार के रूप में हुई है। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि सुबह करीब छह बजे सूचना मिली थी कि हबीवपुर स्थित एक निजी कंपनी के परिसर में पेड़ से फंदा लगाकर युवक ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का मुआयना कराया। परिजनों को घटना की सूचना दी गई और उनके सहयोग से शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता चलेगा। जिस कंपनी में युवक ने आत्महत्या की है, वहां फूड प्रोडक्ट बनते हैं। अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है। ब्यूरो