अमेठी सिटी। अक्तूबर के आखिरी सप्ताह में बेमौसम बारिश ने दिसंबर की ठंड का अहसास कराना शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री रहा। सुबह से दोपहर तक बूंदाबांदी और फिर बारिश व तेज हवाओं ने लोगों को बक्सों में रखे गर्म कपड़े निकालने के लिए विवश कर दिया। बरसात के कारण लोगों को गर्म कपड़ों के साथ छाता व रेनकोट लेकर घरों से निकलना पड़ा।
बीते चार दिनों से हो रही बूंदाबांदी बृहस्पतिवार को बारिश में तब्दील हो गई। कही तेज तो कही धीमी बारिश के कारण सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों व जरूरी काम से घरों से बाहर निकले लोगों को उठाना पड़ी।
मौसम वैज्ञानिक अमरनाथ मिश्र ने बताया कि बारिश व ठंडी हवाओं के कारण दिन का अधिकतम तापमान तीन डिग्री गिर कर 26.0 डिग्री वहीं, न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री की गिरावट के साथ 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अगले 24 घंटे में आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
गुड़, अजवाइन व सोंठ का काढ़ा फायदेमंद : आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. अनुपम श्रीवास्तव ने बताया कि ऐसे मौसम में बुजुर्गों व कमजोर इम्यूनिटी वालों के शरीर में एलर्जी वाले तत्व बनने लगते हैं। खराश, जुकाम-बुखार और सांस में तकलीफ शुरू हो जाती है। इससे बचने के लिए गुनगुने पानी का सेवन करने के साथ ही ठंडी चीजों से परहेज करें। जुकाम-बुखार और सांस में तकलीफ से निजात पाने के लिए काली मिर्च, अजवाइन, सोठ और पुराने गुड़ का काढ़ा रामबाण का काम करता है।