घागस-मुलथान के खेतों में सूखती गेंहू की फसल।
- फोटो : Mewat
बिजली न मिलने से सूखने लगी गेहूं की फसल
नगीना। क्षेत्र के किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से गेहूं की फसल सूखने लगी है। सरकार द्वारा सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली देने के दावों से किसान नाखुश हैं। बमुश्किल 4 से 5 घंटे बिजली ही किसानों को मिल रही है। इस दौरान बीच-बीच में इतने कट लग रहे हैं कि ट्यूबवेल से खेत में पानी पहुंचने से पहले ही पाइपलाइन पानी छोड़ जाता है। पिछले महीने भी किसानों ने पलेवा के लिए वाटर टैंकरों का सहारा लिया था। किसान बताते हैं कि चार-पांच दिनों से बिजली की किल्लत सबसे ज्यादा हो रही है।
मजीद और शमी खान आदि ने बताया कि इस संबंध में नगीना बिजली उपमंडल अधिकारी से दो-तीन बार मिले हैं। उनकी तरफ से भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। अब मजबूरी में सीएम से शिकायत की है। रविवार को सीएम ऑफिस से फोन भी आया था। सोहराब खान नंबरदार ने बताया कि बादल बिजली फीडर से पहाड़ी क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांव जुड़े हुए हैं। आरोप है कि एसडीओ भी किसी नेता के रिश्तेदार है। इसलिए काम पर ज्यादा ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों की समस्याओं को अनसुना कर देते हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री को संज्ञान लेने की आवश्यकता है।
वहीं, नगीना बिजली उपमंडल के एसडीओ शमीम अहमद ने बताया कि बिजली लाइनों पर अधिक लोड है। अवैध रूप से कुछ लोग ट्यूबवेल चला रहे हैं। इसके कारण कनेक्शन वाले किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। फिर भी 7 से 8 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है।