शहर वासियों को इस साल दिसंबर में ट्रैफिक पार्क की सौगात मिल जाएगी। सेक्टर-108 में बन रहे इस पार्क का करीब 50 फीसदी काम पूरा हो चुका है। इसमें बच्चों और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने में मदद मिलेगी। लाइसेंस बनने से पहले इसमें वाहन चलाकर टेस्ट भी देना होगा।
पहले चरण में बाउंड्री वॉल बन चुकी है। दूसरे चरण में ऑडिटोरियम और प्रशासनिक भवन का निर्माण तेजी से चल रहा है। इसके बाद पार्क के अंदर की सुविधाओं पर काम होगा। प्राधिकरण के मुताबिक लगभग 35 करोड़ रुपये के करीब 8 एकड़ में बन रहे पार्क में परिवहन विभाग का दफ्तर भी बनेगा। लाइसेंस बनने से पहले इसमें वाहन चलाकर टेस्ट देना होगा। वाहनों की पार्किंग का इंतजाम होगा।
ऑडिटोरियम में होंगी 200 सीटें
ट्रैफिक पार्क के ऑडिटोरियम में करीब 200 सीटें होंगी। इसमें ऑडियो और वीडियो, दोनों ही सुविधाएं होंगी। ट्रैफिक पर सेमीनार, जागरूकता कार्यक्रम होंगे। एक ओपन थिएटर होगा, जिसमें बच्चों को यातायात नियमों से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल में प्रशिक्षण देकर जागरूक किया जाएगा।
कई सुविधाएं होंगी उपलब्ध
पार्क में मनोरंजन के लिए एम्यूजमेंट पार्क, लैंड स्केप एरिया, वाटर बॉडी, रोड नेटवर्क, बस स्टॉप, स्टेशन, हॉस्पिटल, स्कूल, सीटिंग हब, क्योस्क, सब-वे, क्लॉक टावर, एलीवेटेड रोड, अंडरपास, फुटओवर ब्रिज, ट्रैफिक जंक्शन आदि प्रतीक के रूप में होंगे। इनमें से काफी कुछ का निर्माण तेजी से पूरा किया जा रहा है। पार्क में ट्वॉय ट्रेन भी चलाई जा सकती है। खानपान की व्यवस्था के लिए कैफिटेरिया की व्यवस्था भी होगी।
प्रोजेक्ट में हुई देरी
यह प्रोजेक्ट चार से पांच साल पुराना है, मगर बीते साल इसके डिजाइन पर चेयरमैन की मंजूरी मिली। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर पार्क के निर्माण का कार्य शुरू हुआ।
पार्क के मेन गेट को लेकर कुछ दिक्कतें थी, जो सुलझा ली गई हैं। ट्रैफिक पार्क का काम करीब 50 फीसदी पूरा चुका है। दिसंबर में पार्क का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। - प्रमोद कुमार अग्रवाल , एसीईओ नोएडा प्राधिकरण