- जमा हो रही धूल, हल्की हवा में भी बढ़ रहा प्रदूषण, नोएडा प्राधिकरण को पत्र लिखा गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। अधूरी छोड़ दी गईं शहर की कई हाईराइज सोसाइटियां अब खंडहर में तब्दील हो चुकी हैं। वर्षों से रुके निर्माण कार्य न केवल प्रदूषण बढ़ा रहे हैं बल्कि रात के समय असामाजिक तत्वों की अवैध गतिविधियों का अड्डा भी बनते जा रहे हैं। आसपास के निवासियों के लिए ये अधूरे टावर बड़ी परेशानी का कारण बन गए हैं।
सेक्टर-137 स्थित एक्जोटिका फ्रेस्को सोसाइटी की एओए अध्यक्ष कविता राजेश कुमार ने बताया, हमारी सोसाइटी के नजदीक शुभकामना हाउसिंग बिल्डिंग बनाई जा रही थी लेकिन 10 साल से यह अधूरी पड़ी है। इस अधूरी बिल्डिंग से टावर ए और बी के निवासी ज्यादा परेशान हैं। यहां रात के समय बाहरी लोग धूम्रपान करते हैं। बरसात के समय सांप निकलकर इधर आ जाते हैं। हल्की हवा में भी उधर की धूल उड़कर इधर आती है। इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण को कई बार पत्र लिखा गया है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती है।
800 परिवारों के लिए खतरा
सेक्टर 79 स्थित गौर स्पोर्ट्सवुड सोसाइटी निवासी शरद सिंह ने बताया कि हमारी सोसाइटी के अंदर आते ही सामने की ओर से शुभकामना सोसाइटी के टावर बने हैं। पिछले आठ साल से इनका हाल ऐसा ही है। बिल्डिंग का स्ट्रक्चर पूरा तैयार हो गया है लेकिन आगे का कार्य नहीं किया गया। अधूरे टावरों का लोहा काटकर भी बाहरी लोग ले गए हैं और रात के समय कुछ असामाजिक तत्व यहां आकर अवैध गतिविधियां करते हैं। बारिश के दौरान यहां जलभराव होता है और हवा चलने पर धूल इधर ही आती है। इससे 800 परिवारों को खतरा बना हुआ है।
बच्चों के खेलने के लिए नहीं जगह
सेक्टर 46 स्थित गार्डेनिया एम्स ग्लोरी सोसाइटी निवासी प्रभा गुप्ता ने बताया कि सोसाइटी का डी ब्लॉक कई साल से अधूरा पड़ा है। यह ब्लॉक पूरा न होने की वजह से अंदर से रास्ता भी अधूरा है और सी ब्लॉक के बच्चों के लिए खेलने को बिल्कुल जगह नहीं रह गई है। जब भी हवा चलती है तो वहां की धूल इधर आती है। यहां के अधूरे टावर सोसाइटी के निवासियों के लिए बहुत खतरनाक हैं।
तीन टावर 15 साल से कर रहे पूरे होने का इंतजार
सेक्टर 110 स्थित लोटस पनाश सोसाइटी की एओए महासचिव माधवी लता पटेल ने बताया कि सोसाइटी के ही तीन टावर अधूरे पड़े हैं और 15 साल बाद भी इन्हें पूरा नहीं किया गया है। रात के समय यहां पर बाहरी लोगों का आना जाना लगा रहता है। यहां कोई डेवेलपमेंट नहीं है और आसपास का एरिया पूरी तरह वीरान हो गया है। टावर के पास कंस्ट्रक्शन वाली मशीन लगी है और जब भी हवा चलती है तो मशीन बहुत हिलती है। कभी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
वान्या दीक्षित