- दो दिवसीय इंडियन रेसिंग फेस्टिवल में एफ-4 और इंडियन रेसिंग लीग के मुकाबले होंगे आकर्षण
नंबर
16 देशों के चालक दिखाएंगे दम
6 शहरों की फ्रेंचाइजी टीमें करेंगी मुकाबला
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (बीआईसी) में शनिवार से दो दिवसीय इंडियन रेसिंग फेस्टिवल का आगाज होगा। आयोजन में रफ्तार और रोमांच का संगम देखने को मिलेगा। एफ-4 इंडियन चैंपियनशिप और इंडियन रेसिंग लीग के मुकाबलों में देश-विदेश के चालक अपनी प्रतिभा और रफ्तार का दम दिखाएंगे। चैंपियनशिप में 16 देशों के चालकों की भागीदारी से अंतरराष्ट्रीय स्तर का मुकाबला देखने को मिलेगा।
एफ-4 इंडियन चैंपियनशिप में आठ टीमों के 16 चालक ट्रैक पर उतरेंगे। इनमें भारतीय और अंतरराष्ट्रीय रेसर शामिल हैं। गोवा एसेस जेए रेसिंग, स्पीड डेमन्स दिल्ली, किच्चाज किंग्स बंगलूरू, कोलकाता रॉयल टाइगर्स, चेन्नई टर्बो राइडर्स, हैदराबाद ब्लैकबर्ड्स, गॉडस्पीड कोच्चि और अहमदाबाद एपेक्स रेसर्स की टीमें खिताब के लिए जोर लगाएंगी। चैंपियनशिप की अंक तालिका में गोवा एसेस के लुविवे सम्बुडला 156 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। बंगलूरू के एरिस किरियाकोउ 131 अंकों के साथ दूसरे और दिल्ली के एन माबुंडा 125 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। आर्यन नरोला 106 अंकों के साथ चौथे पायदान पर हैं। ऐसे में बीआईसी में होने वाले मुकाबले अंक तालिका और खिताबी दौड़ का समीकरण बदल सकते हैं।
टीमों में होगी कड़ी टक्कर
इंडियन रेसिंग लीग में छह शहरों की फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें गोवा, बंगलूरू, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और हैदराबाद की टीमें शामिल हैं। पिछले मुकाबलों में गोवा के राउल हाइमन और बंगलूरू के रूहान अल्वा ने जीत दर्ज कर अपनी टीमों को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था। इस बार भी टीमों के बीच कड़ी टक्कर की उम्मीद है।
रेसिंग के साथ स्टंट और सेलिब्रिटी का तड़का
आयोजन में दर्शकों के मनोरंजन के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित गौरव गिल और देश के ड्रिफ्टिंग चैंपियन संग सेखों मोटरस्पोर्ट्स स्टंट का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा सेलिब्रिटी टीम मालिकों की मौजूदगी और अन्य मनोरंजक गतिविधियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
एफ-4 इंडियन चैंपियनशिप : अंक तालिका
स्थान
चालक
टीम
अंक
1 लुविवे सम्बुडला गोवा एसेस 156
2 एरिस किरियाकोउ बंगलूरू 131
3 एन माबुंडा दिल्ली
125
4 आर्यन नरोला —
106