ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ब्लॉक दादरी में स्पेशल प्रोजेक्ट फॉर इक्विटी के अंतर्गत आयोजित पावर एंजल सशक्तीकरण और नेतृत्व क्षमता प्रशिक्षण का तीन दिवसीय ब्लॉक स्तरीय कार्यशाला बुधवार को संपन्न हो गई। कार्यशाला का आयोजन दादरी स्थित डिसेंट पब्लिक स्कूल में 19 से 21 जनवरी तक किया गया। इसमें कॉमिक बुक के माध्यम से जेंडर स्टीरियोटाइप को तोड़ने पर जोर दिया गया। इसके अलावा स्कूल स्तर पर लैंगिक रूढ़िवादिता, सोशल मीडिया, किशोरावस्था और आदर्श रूप जैसे विषयों पर विद्यार्थी और अभिभावकों को जागरूक करने के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राहुल पंवार ने कहा कि प्रति विद्यालय प्रत्येक सुगमकर्ता को 3 प्रगति के पंख की पुस्तक, अरमान माड्यूल, एवं शिक्षकों के लिए शिक्षण प्रशिक्षण मार्गदर्शिका पुस्तक उपलब्ध कराई गई हैं। जिला समन्वयक बालिका शिक्षा विनय प्रकाश सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी चंद्र भूषण प्रसाद, मास्टर ट्रेनर महेश कुमार, अर्चना पांडेय (ब्लॉक बिसरख), ममता शर्मा (ब्लॉक दादरी), स्टेट जोनल कोऑर्डिनेटर इंजीनियर नादिर ने भी हिस्सा लिया।