ग्रेटर नोएडा (संवाद)। वसंत पंचमी पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। मां सरस्वती की आराधना ऋतुराज का स्वागत होगा। इस दिन किसान नए अन्न में गुड़-धृत मिश्रित करके अग्नि और पितृ तर्पण भी करते हैं। सरस्वती पूजा का मुहूर्त सुबह 6:18 से दोपहर 12:18 बजे तक श्रेष्ठ है। नवादा गांव स्थित शनि धाम मंदिर के आचार्य शशिकांत त्रिपाठी के अनुसार, वसंत पंचमी पर मां सरस्वती की पूजा-अर्चना करनी चाहिए। उनके पूजन में दूध, दही, मक्खन, सफेद तिल के लड्डू, गेहूं की बाली, पीले सफेद रंग की मिठाई और पीले, सफेद पुष्पों को अर्पण कर देवी सरस्वती के मंत्रों का जाप करना चाहिए। इस दिन पीले वस्त्र पहनने चाहिए और पीले रंग की खाद्य सामग्री के अधिकाधिक सेवन की भी परंपरा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पंचमी तिथि बृहस्पतिवार रात्रि 2:28 से शुक्रवार रात्रि 1:46 बजे तक है। 5 घंटे 20 मिनट तक पूजन का समय शुभ है।