सेक्टर जू-1 में मकान के मेन गेट पर ताला लगाने के बाद अंदर बंद परिवार।
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा। दादरी कोतवाली क्षेत्र के जू-1 सेक्टर में एक माह का किराया नहीं देने और मकान मालिक से बिना पूछे बिजली का रिचार्ज कराने के विवाद में किरायेदार के परिवार को बंधक बनाने का मामला सामने आया। किरायेदार का आरोप है कि शनिवार रात करीब 11:30 बजे मालिक ने बाहर से मकान के मेन गेट पर ताला लगाकर पूरे परिवार को बंद कर दिया। परिवार मदद की गुहार लगाता रहा। रात में ही किसी ने मदद मांग रहे परिवार का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर जारी कर दिया। जो वायरल हो गया। रविवार सुबह आरडब्ल्यूए पदाधिकारी और पुलिस ने ताला तोड़कर परिवार को मुक्त कराया। पीड़ित परिवार ने पुलिस और महिला आयोग से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। किरायेदार की शिकायत पर पुलिस ने मकान मालिक पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर जू-1 निवासी ममता देवी और पति भगत सिंह अपने दो बच्चों के साथ डेढ़ साल से किराये के मकान में रहते हैं। लॉकडाउन व आर्थिक परेशानी के चलते वह जून का किराया नहीं दे पाए थे। इससे मकान मालिक अगम सिंह नाराज था। आरोप है कि शनिवार रात लगभग पौने 11 बजे मकान मालिक वहां पहुंचा और किराया नहीं देने पर मकान खाली कराने की धमकी दी। इसके बाद मकान के मेन गेट पर ताला लगाकर चला गया। रात भर किरायेदार का परिवार डरा सहमा रहा। घर में बंद परिवार मदद की गुहार लगाता रहा। किसी ने गुहार लगाते परिवार का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर जारी कर दिया। जो वायरल हो गया।
इधर रविवार सुबह किरायेदार ने पुलिस को सूचना दी। सुबह करीब 7 बजे पुलिस और आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मेन गेट पर लगे ताले को तोड़कर परिवार को मुक्त कराया। पुलिस परिवार से चौकी पर लिखित तहरीर देने की बात कहकर लौट गई। इसके बाद पीड़ित के परिजन ने चौकी में जाकर लिखित शिकायत दी है। पीड़ितों की ओर से महिला आयोग व अन्य अधिकारियों को भी पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की गई है। आरोप है कि इससे पहले मकान मालिक ने उनके एक कमरे को भी ताला लगा दिया था। जिससे वह उसका इस्तेमाल न कर सकें और परेशान होकर मकान खाली कर दें।
पीड़ितों ने बिना बिजली बिताए गर्मी में 20 दिन
किरायेदार भगत सिंह ने बताया कि मालिक ने मकान खाली कराने के लिए दबाव बनाने के लिए बिजली रिचार्ज नहीं कराया था। इससे मकान की बिजली काट दी गई। गर्मी में लगभग 20 दिनों तक बिजली के बगैर पूरे परिवार को दिन गुजारना पड़ा। भगत सिंह ने रुपये का इंतजाम कर बिजली रिचार्ज कराकर आपूर्ति शुरू कराई। आरोप है कि इससे मकान मालिक नाराज हो गया।
20 दिन से होम आइसोलेशन में है पत्नी
भगत सिंह के मुताबिक करीब 20 दिन पहले उसकी पत्नी में कोरोना के लक्षण दिखे थे। बुखार आने के बाद उसकी तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद से ही होम आइसोलेशन में उसका उपचार चल रहा है। हालांकि उन्होंने अब तक कोरोना टेस्ट नहीं कराया है।