नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच यमुना पुश्ता रोड के साथ बनेगा 6 लेन का नया एक्सप्रेस-वे
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच यमुना पुश्ता रोड के साथ नया एक्सप्रेस-वे बनाने की तैयारियों का जायजा लेने आज यूपीडा की टीम नोएडा पहुंचेगी। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ टीम मौके का निरीक्षण करेगी। प्राधिकरण अधिकारी और इंजीनियर टीम को परियोजना की जरूरत और कनेक्टिविटी का प्लान समझाएंगे। फिर यूपीडा इस नए एक्सप्रेस-वे का लेआउट तैयार करने और निर्माण लागत का अनुमान लगाएगा। इसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। एक्सप्रेस-वे एलिवेटेड और 6 लेन का बनाया जाएगा।
सेक्टर-94 गोल चक्कर से यमुना एक्सप्रेस-वे और परी चौक तक यह एक्सप्रेस-वे प्रस्तावित है। शासन स्तर पर पुश्ता रोड के साथ 6 लेन का एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे बनाने का फैसला लिया गया है। फरवरी में औद्योगिक विकास आयुक्त और यूपीडा के सीईओ दीपक कुमार ने इस परियोजना को लेकर प्राधिकरण अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें एक्सप्रेस-वे के निर्माण की जिम्मेदारी यूपीडा को सौंपी गई थी। निर्माण लागत नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण देंगे। यूपीडा ही आगे सिंचाई विभाग से परियोजना के लिए एनाओसी लेगा।
पूर्व में प्राधिकरण स्तर पर इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण की जिम्मेदारी एनएचएआई को सौंपने के कई बार प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। फिर एलिवेटेड न बनाकर नीचे ही 6 लेन का एक्सप्रेस-वे बनाने पर भी विचार हुआ था। लेकिन शासन की मंजूरी नहीं मिली थी।
परियोजना की निर्माण लागत 4000 करोड़ रुपये आंकी गई है। प्रस्ताव के मुताबिक सेक्टर-94 की तरफ से इसका निर्माण अंतिम निवास गोल चक्कर के आगे से शुरू होगा। यहीं पर कालिंदीकुंज से आने वाले दिल्ली और हरियाणा के ट्रैफिक को नए एक्सप्रेस-वे से जोड़ने के लिए सड़क बनाई जाएगी। यहीं पर डीएनडी और चिल्ला बॉर्डर से आने वाले ट्रैफिक को भी एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे से जुड़ने का विकल्प दिया जाएगा। फिर आगे इसे यमुना एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही एक रैंप सीधे परी चौक पर उतारा जाएगा। इससे यमुना एक्सप्रेस-वे और ग्रेटर नोएडा की तरफ जाने वाले वाहन अलग-अलग बंट जाएंगे।
नोएडा प्राधिकरण के जीएम (सिविल) एके अरोड़ा ने बताया कि मंगलवार को यूपीडा की टीम प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे की जगह का निरीक्षण करेगी। जरूरत पड़ने पर यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों-इंजीनियरों को भी यूपीडा बुलाकर उनकी राय लेगा।