नोएडा (संवाद)। राष्ट्रीय कृमि दिवस के मौके पर पेट में कीड़ों की समस्या से बचाव के लिए स्कूली बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई गई। अभियान की शुरुआत मोरना स्थित स्कूल से हुई, जहां सीएमओ डॉ. सुनील कुमार ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले के चारों ब्लॉक बिसरख, दादरी, दनकौर और जेवर में करीब आठ लाख बच्चों को एल्बेंडाजोल दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य एक से 19 साल तक के बच्चे को पेट में पड़ने वाले कीड़ों से सुरक्षित रखना है।