बीटेक छात्र ने इंस्टाग्राम पर लिखा सुसाइड करने जा रहा हूं, पुलिस ने पहुंचकर बचाई जान
- बोला-मम्मी-पापा बड़े भाई से करते हैं ज्यादा प्यार, पुलिस की टीम ने की छात्र की काउंसलिंग
माई सिटी रिपोर्टर
दनकौर। पुलिस की मुस्तैदी के चलते बीटेक छात्र की जान बच गई। छात्र ने सोशल मीडिया में आत्महत्या करने की बात पोस्ट की थी। कमिश्नरेट की मीडिया सेल ने मामले का संज्ञान लेते हुए स्थानीय पुलिस को छात्र की जान बचाने के लिए भेजा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्र को की काउंसलिंग की। उसे एक दिन अपने पास रखा। सोमवार को परिजनों के पहुंचते ही उसे परिवार के हवाले कर दिया गया। छात्र के परिजन ने पुलिस को शुक्रिया अदा किया है।
मूलरूप से बिहार के भागलपुर निवासी छात्र ग्रेटर नोएडा के एक विश्वविद्यालय में बीटेक कंप्यूटर साइंस सेकंड ईयर का छात्र है। छात्र ने रविवार रात अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा कि भाइयों मेरा कोई नहीं है, मैं सुसाइड करने जा रहा हूं। मम्मी-पापा भी बड़े भाई को अधिक प्यार करते हैं। बाय मम्मी-पापा। छात्र सुसाइड का प्रयास करने लगा। सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होते ही नोएडा पुलिस की मीडिया सेल टीम एक्टिव हो गई। उन्होंने तत्काल संबंधित थाने बिसरख में मामले की जानकारी दी।
युवक की लोकेशन दनकौर की थी। बिसरख पुलिस ने तत्काल मामले की जानकारी दनकौर पुलिस को दी। कुछ ही मिनटों में छात्र को पुलिस ने खोज निकाला। सूचना मिलने के बाद दनकौर थाना प्रभारी संजय सिंह टीम के साथ मौके पर रवाना हो गई। बातचीत में पता चला कि छात्र काफी परेशान था। छात्र को लगता था परिजन उसे प्यार नहीं करते। इससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया। जिसकी वजह से उसने आत्महत्या करने का फैसला लिया था। पुलिस ने उसकी काउंसलिंग की तो उसने आत्महत्या करने का इरादा बदल दिया। सोमवार को उसके परिजन भी ग्रेनो पहुंच गए। छात्र के परिजनों ने पुलिस की तत्परता पर आभार व्यक्त किया है।