- थारू जनजाति से लेकर कई आदिवासियों के लोकनृत्य को विदेशियों ने सराहा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। प्रदेश की जनजातियों की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए उन्हें भी ट्रेड शो का हिस्सा बनाया गया है। जनजातियों की कला,संस्कृति से विदेशी काफी प्रभावित हैं। थारू जनजाति समेत आदिवासियों के लोकनृत्य लोगों को खूब भा रहे हैं। ट्रेड शो में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत की छटा व विविधता को देख लोग मंत्रमुग्ध हो गए हैं।
रूस से आए मार्टिन ने बताया कि उन्होंने ऐसा डांस कभी नहीं देखा था। डांस को मोबाइल में कैद कर लिया है। वह अपने देश में जाकर सभी को दिखाएंगे। ऐसी कला और संस्कृति का प्रदर्शन हमारे यहां भी होना चाहिए। वहीं अयोध्या से आए अभिषेक ने बताया कि लोक कला एवं संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए प्रदेश के विभिन्न लोक अंचलों-पूर्वांचल, अवध, आदिवासी क्षेत्र, बुंदेलखंड, ब्रज तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की विभिन्न कला विधाओं से लोग रूबरू हो रहे हैं। जिसमें दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका, ब्रिटेन, रूस व जापान के विदेशी नागरिक भी शामिल रहे।
हम हैं यूपी वाले के साथ ले रहे सेल्फी
ट्रेड शो में पहुंचने वाले हम हैं यूपी वाले स्टैंड पर लोग खूब सेल्फी ले रहे हैं। लखनऊ की राखी पहली बार ट्रेड शो पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि यहां एक ही छत के नीचे कला,संस्कृति,व्यापार के साथ कई उपलब्धियां देखने को मिली हैं। सांस्कृतिक विरासत के बारे में पर्यटन विभाग की ओर से ट्रेड शो में स्टाल लगाया गया है। जिसमें प्रदेश की संस्कृति को पास से जानने का मौका मिल रहा है।