ग्रेटर नोएडा (संवाद)। छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले बांस के सूप और डलिया का महत्व आज भी बरकरार है। बाजार में पूजा सामग्री के कई आधुनिक विकल्प मौजूद होने के बावजूद व्रती परिवार पारंपरिक बांस से बनी वस्तुओं को प्राथमिकता दे रहे हैं। छठ पूजा में बांस के सूप में फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद सजाकर सूर्यदेव और छठी मैया को अर्पित किया जाता है। बांस को शुद्धता, पवित्रता और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। सूप में पूजा सामग्री सजाकर अर्घ्य देने की परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है।