-आरोपी पति प्रेमिका के साथ दनकौर में पकड़ा गया था
-बाद में सिरसा गांव लाकर छोड़ गए थे परिवार के लोग
-परिवार, सगे-संबंधियों ने भी उसे सुनाई थी खरीखोटी
-चरित्रहीनता की पोल खुलने पर निक्की के प्रति हो गया था क्रूर
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। निक्की पायला की हत्या कर रास्ते से हटाने की पटकथा जून-2024 में लिखी गई थी। जून माह में विपिन भाटी को उसकी प्रेमिका के साथ दनकौर से पकड़ कर सिरसा गांव लाकर परिवार को सौंपा गया था। इसको लेकर परिवार, सगे-संबंधी और रिश्तेदारों ने भी विपिन को खरी-खोटी सुनाई गई। विपिन की चरित्रहीनता की पोल खोलने पर उसने निक्की पायला के साथ क्रूरता का व्यवहार शुरू कर दिया था।
निक्की पायला के पिता भिखारी सिंह ने बताया कि जब निक्की व कंचन को विपिन के प्रेम-प्रसंग की जानकारी हुई तो उन्होंने इस संबंध में पूछा गया। इस पर विपिन आग बबूला हो गया था। इसके बाद निक्की व कंचन विपिन के प्रेम-प्रसंग के मामले को लेकर जानकारी करने में जुट गई। जानकारी मिली कि विपिन की प्रेमिका जारचा कोतवाली क्षेत्र के गांव की रहने वाली है। दोनों ने दनकौर में मिलने का स्थान बना रखा है। तब निक्की ने ही पिता व परिजनों को दनकौर के बारे में जानकारी दी थी। तब से निक्की अपने भाईयों के साथ उसको पकड़ने की फिराक में लग गई। जून-2024 में जब विपिन प्रेमिका से मिलने दनकौर के लिए निकला तो उसका पीछा करना शुरू कर दिया गया। जब वह मकान में घुसा तो उन्होंने दोनों को एक साथ पकड़ लिया गया। वहां से विपिन व उसकी प्रेमिका को पकड़कर गाड़ी में बैठा लिया गया। इसके बाद परिजन उन्हें सिरसा गांव में पिता व परिवार के सामने लेकर पहुंचे। परिवार के अन्य लोग एवं रिश्तेदारों को भी बुला लिया गया। परिजनों व रिश्तेदारों ने प्रेमिका व विपिन को जमकर खरी-खोटी सुनाई थी।
-
चरित्रहीनता की पोल खुलने पर रची साजिश
निक्की के परिजनों का कहना है कि आरोपी विपिन को चरित्रहीनता से बाज आने की हिदायत दी गई। उसके बाद प्रेमिका को छोड़ा गया। इससे नाराज विपिन ने निक्की को प्रेम-प्रसंग में बाधा मानते हुए उसे हटाने की पटकथा लिखनी शुरू कर दी। निक्की के साथ उसका बर्ताव क्रूर हो गया। बात-बात पर गाली-गलौज व प्रताड़ना की कहानी शुरू हो गई। इससे निक्की परेशान रहने लगी और परिजनों को बताया। पिता समाज के लोगों को साथ लेकर सिरसा गांव में पहुंचे और विपिन व उसके परिजनों को समझाया। तब निक्की ने परिजनों के सामने कहा कि वह एक बच्चे के सहारे ही समय काट लेगी। इसलिए आप एक कोने में जगह दे दीजिए, लेकिन सास आग बबूला हो गई थी।
सांत्वना देने के लिए रुपवास गांव में लगा तांता
दादरी। ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में दहेज को लेकर निक्की की हत्या के बाद रूपवास गांव में मृतक परिवार को सांत्वना देने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री नवाब सिंह नगर, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष फकीर चंद नागर, सपा नेत्री सुनीता यादव, यतेंद्र कसाना, किसान नेता राजकुमार सिंह, डॉ सुभाष प्रेमी, दीपक नागर, मलखान सिंह, सुभाष नागर समेत राजनैतिक, सामाजिक एवं संगठनों के लोग आए और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी।