माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। पिछले सप्ताह रुक-रुककर हुई बारिश ने मौसम सुहाना बना दिया था लेकिन बारिश रुकते ही मंगलवार का दिन पिछले कई दिन से बहुत गर्म रहा और तापमान 33.5 डिग्री हो गया। जबकि पिछले एक सप्ताह से तापमान में लगातार कमी बनी हुई थी और सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री दर्ज किया गया था। ऐसे में पिछले 24 घंटे में तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई। सुबह से खिली तेज धूप शाम तक जारी रही और शाम तक धूप से राहत नहीं मिली। अगस्त और जुलाई जैसी धूप ने सितंबर के महीने में हाल बेहाल कर दिया। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही आर्द्रता 78 प्रतिशत रही। पूर्वानुमान के मुताबिक, 8 सितंबर को हल्की बारिश के आसार बन रहे थे लेकिन बारिश तो क्या हल्की बूंदाबांदी भी नहीं हुई और दिन उमस भरा बीत गया। इस सप्ताह 13 सितंबर को हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं लेकिन अन्य दिनों हल्की धूप और छांव के साथ बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।