-ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गैलेक्सी नॉर्थ एवेन्यू दो सोसाइटी का मामला
-आरोप, आपातकालीन में नहीं निकल सकती कोई गाड़ी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गैलेक्सी नॉर्थ एवेन्यू दो सोसाइटी के निवासी अवैध बाजार के संचालन से परेशान हैं। निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी के एक गेट पर अवैध बाजार लगने से आवागमन मुश्किल हो गया है। आकस्मिक स्थिति में भी वाहन को निकालने में समस्या खड़ी हो जाती है। प्राधिकरण द्वारा नोटिस जारी करने के बाद भी अभी तक अवैध बाजार को नहीं हटाया गया है।
सोसाइटी के एओए अध्यक्ष दीपक भट्ट ने बताया कि मार्केट परिसर में अवैध रूप से रेहड़ी और अवैध दुकानें संचालित हो रही है, जिनकी संख्या प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही हैं। शाम के समय कार्यालय से आने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी होती है। जगह जगह रेहड़ी पटरी और कपड़े वालों की दुकानें खुल जाती हैं। आलोक ने बताया कि इमरजेंसी गेट सोसाइटी में फायर ब्रिगेड की गाड़ी, एंबुलेंस सहित बड़े वाहन के आने-जाने के लिए किया जाता है, लेकिन बाहर बाजार लगने के कारण लोगों के पास पैदल चलने तक का रास्ता नहीं होता है। यदि सोसाइटी में कोई आपातकालीन स्थिति आ जाए तो इस रास्ते का इस्तेमाल करना भी संभव नहीं हो पाएगा।
सात बजे गेट को करना पड़ता है बंद
उपाध्यक्ष पवन तोमर ने बताया कि सोसाइटी के गेट के बाहर अवैध मार्केट के कारण सुरक्षा व्यवस्था खराब होने का खतरा हर समय बना रहता है। शाम के समय लोगों की भीड़ अधिक हो जाती है। ऐसे में सात बजे के बाद गेट को बंद कर दिया जाता है। सचिव सुधीर वर्मा ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से दो महीने पहले एओए को अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया गया था, लेकिन इसकी जिम्मेदारी एओए की नहीं, बल्कि प्राधिकरण की है। फिर भी एओए द्वारा यह नोटिस मार्केट एरिया में चस्पा किया गया। इस पर अवैध दुकान संचालकों ने जमकर विरोध जताया।