फिरोजपुर झिरका। शहर में सिंडिकेट बैंक से अस्पताल तक जाने वाला मार्ग जर्जर हालत में है लेकिन मार्ग का निर्माण नहीं कराया जा रहा है। समस्या का समाधान नहीं होने से शहर के वार्ड नंबर 6 के पार्षद उर्मिला बंसल और उनके पति दिनेश बंसल ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए मुख्यमंत्री को ट्विटर पर शिकायत भेजी है।
शिकायत में उन्होंने कहा कि शहर के लोगों के लिए सिविल लाइन से शहीदी पार्क तक का मार्ग मुख्य मार्ग में गिना जाता है। हजारों लोगों का रोजाना आवागमन इसी मार्ग से होता है लेकिन लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की सुस्त कार्यशैली के चलते सरकार की नीति को पलीता लगता साफ दिखाई दे रहा है। एक साल बीत जाने के बावजूद शहर के मुख्य मार्ग को नहीं बनाया जाना, इस बात का जीता जागता प्रमाण है।
नपा पार्षद उर्मिला बंसल ने कहा कि वह पार्षद है । उसके बावजूद विभाग के अधिकारी से कई बार मौखिक और लिखित रूप में शिकायत दे चुके हैं लेकिन उस पर कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। विभागीय अधिकारी और ठेकेदारों की साठगांठ चल रही है जिसके चलते आधी अधूरी सडक़ को नहीं बनाया गया है जबकि ठेकेदार ने आगे सडक़ बनाकर उसकी पेमेंट भी निकाली है। पार्षद पति दिनेश बंसल का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा करोड़ रुपए की लागत से सड़क को बनाने का ठेका छोड़ा गया है और ठेका लेने वाले ठेकेदार ने जगह-जगह टुकड़ों में सड़क को बना कर अपनी पेमेंट निकाल दी है।
शहर के मुख्य मार्ग लालपुर चौक से लेकर स्थानीय अस्पताल तक के मार्ग को नहीं बनाया गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अगर समय रहते इस सड़क को नहीं बनाया गया तो जल्द ही लाल कुआं चौक पर धरना प्रदर्शन होगा, जिसका जिम्मेदार स्वयं प्रशासन होगा।
अप्रूवल हेड ऑफिस भेजा
इस बारे में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ आस मोहम्मद का कहना है कि शहर के लोग इंटरलॉकिंग टाइल की सड़क को नहीं बनाने दे रहे हैं जबकि विभाग की अनुमति इंटरलॉक की है। फिर भी लोगों की भावनाओं को ध्यान रखते हुए सीमेंट कंक्रीट के रोड के लिए अप्रूवल हेड ऑफिस भेजा हुआ है, जैसे ही अप्रूवल मिलता है, इस मार्ग को बना दिया जाएगा।