वृंदावन। श्रीकृष्ण की नगरी एक बार फिर नए रूप में निखरने की कवायदें तेज हो गई हैं। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) द्वारा प्रस्तावित रुक्मिणी विहार से केशव धाम तक के मार्ग के सौंदर्यीकरण कार्य को उत्तर प्रदेश शासन ने मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर लगभग 52 लाख रुपये की लागत आएगी।
इस योजना के तहत इस मार्ग को साफ-सुथरा, आकर्षक और सांस्कृतिक रूप से जीवंत बनाने की तैयारी है। सड़क किनारे बने खुले नालों को ढका जाएगा,ताकि बरसात या गंदगी से रास्ते पर जलभराव की समस्या समाप्त हो। अभी यहां जगह जगह सड़क पर पानी भरा हुआ नजर आता है, लेकिन अब ऐसा नहीं रहेगा। इसके अलावा दीवारों पर ब्रज की पारंपरिक संस्कृति, श्रीकृष्ण लीलाओं, गोप-ग्वालों और यमुना तट की झलक दिखाने वाली कलात्मक चित्रकारी कराई जाएंगी। यहां प्रकाश व्यवस्था से लेकर दुकानों पर लगे बोर्डाें को भी एकरुपता दी जाएगी।
एमवीडीए के अधिकारियों के अनुसार, यह मार्ग वृंदावन और मथुरा के प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ता है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु और पर्यटक इस मार्ग से केशव धाम होकर पहुंचते हैं।
सड़कों के भरे जाएंगे गड्ढे
इस योजना के तहत सड़क पर हो रहे गड्ढों को भी भरा जाएगा। यहां तक कि सड़क को गड्ढा मुक्त बनाया जाएगा। सरकार के सख्त आदेश हैं कि विकास कार्य में जरा भी लापरवाही की गई तो सीधे कार्यदायी एजेंसी पर कार्रवाई की जाएगी।