पंचकूला। कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन के समक्ष युवा कांग्रेस के नेता अंकुश निषाद एवं अनिल चौहान ने गांव अभयपुर एवं सकेतड़ी की समस्याएं उठाई। अंकुश निषाद ने विधायक को बताया कि गांव अभयपुर वार्ड नंबर- 9 में सीवरेज की समस्या लंबे समय से लोगों के लिए सिरदर्द बनी हुई है। अधूरा पड़ा सीवरेज कार्य और पुरानी लाइनें रोजाना ओवरफ्लो हो रही हैं। गलियों व सड़कों पर गंदा पानी बहने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। पूरे इलाके में फैली दुर्गंध ने हालात और बदतर बना दिए हैं। महिलाओं और बच्चों को पैदल चलने में भी दिक्कत होती है। बरसात के दिनों में स्थिति और भयावह हो जाती है। पूर्वांचल युवा एकता मंच के अध्यक्ष एवं युवा कांग्रेस नेता अंकुश निषाद ने बताया कि मौजूदा सीवरेज लाइन बेहद पुरानी है, जबकि गांव की आबादी कई गुना बढ़ चुकी है। पुरानी क्षमता के कारण सीवरेज रोजाना ओवरफ्लो हो जाता है। वहीं, अनिल चौहान ने विधायक को बताया कि मानव कालोनी एवं सकेतड़ी में भी लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही है। विधायक ने कहा कि वह गांवों की समस्याओं को विधानसभा में उठाएंगे।