खींचतान व हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरलपुलिस ने कहा- बिना अनुमति प्रदर्शन करने पर हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मध्य जिले में तैनात एक थानाध्यक्ष ड्यूटी के दौरान मर्यादा और कानून भूल गए। महंगाई को लेकर यूथ कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान थानाध्यक्ष इतने आगबबूला हो गए कि खींचतान व हाथापाई करने लगे। वहीं, घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस बचाव में आई और ट्वीट कर कहा कि यूथ कांग्रेस की महिलाएं बिना अनुमति के प्रदर्शन कर रही थीं, इसलिए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।
दरअसल, मंगलवार को भाजपा मुख्यालय पर महिला कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाने की कोशिश की। इस दौरान थानाध्यक्ष अपना आपा खो बैठे और कुछ महिला नेताओं के साथ हाथापाई करने लगे। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक सब-इंस्पेक्टर अपने थाना प्रभारी को बार-बार रोकते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने ट्वीट कर कहा कि महिला कार्यकर्ता धारा-144 का उल्लंघन कर प्रदर्शन करने पहुंचीं थीं और पुतला जलाने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों ने ऐसा करने के लिए मना किया तो उन्होंने अनसुना कर दिया और पुलिसकर्मियों से दुर्व्यवहार किया। इधर, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट किया कि आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ नोटिस जारी किया जाएगा। महिलाओं से हाथापाई बेहद शर्मनाक और गैरकानूनी है।