पीएम-सीएम की जनसभा के लिए तैयार किया जा रहा पंडाल
सेक्टर-28 में 21 फरवरी को सेमीकंडक्टर यूनिट के शिलान्यास के लिए आएंगे योगी, पीएम ऑनलाइन जुड़ेंगे
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। सेक्टर-28 में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट के शिलान्यास कार्यक्रम और पीएम नरेंद्र मोदी की ऑनलाइन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्थलीय जनसभा के लिए पंडाल खड़े हो गए हैं। जनसभा की तैयारी जांचने के लिए एक-दो दिनों में पुलिस कमिश्नर और अन्य अधिकारी निरीक्षण करेंगे।
यमुना प्राधिकरण ने सेमीकंडक्टर यूनिट के लिए यमुना सिटी के सेक्टर-28 में 48 एकड़ भूमि एचसीएल और फॉक्सकॉन के संयुक्त उपक्रम मैसर्स इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को आवंटित की गई थी। उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर बनाने वाली यूनिट की 21 फरवरी को आधारशिला रखी जाएगी। सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला कार्यक्रम में जनसभा का भी आयोजन किया जाएगा। आधारशिला कार्यक्रम और जनसभा में आने वाले लगभग पांच हजार लोगों के लिए जर्मन हैंगर पंडाल को लगा दिया गया है।
आसपास की सड़कों को किया जा रहा दुरुस्त
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए जनसभा स्थल के साथ आसपास की सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है। सर्विस रोड के आसपास जेसीबी से मिट्टी को पाटकर सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर उतारने के लिए समारोह स्थल से कुछ ही दूरी पर अपैरल पार्क की भूमि पर हेलीपैड बनाया जा रहा है।
वर्जन
अपैरल पार्क की भूमि पर अस्थायी हेलीपैड का निर्माण चल रहा है। समारोह स्थल की सुरक्षा के लिए प्रबंध किए जा रहे हैं। -सार्थक सेंगर, एसीपी जेवर