-श्रमिक कुंज द्वितीय में अमर उजाला संवाद के दौरान निवासियों ने रखी समस्याएं
-बिजली पानी से लेकर साफ-सफाई की समस्या से परेशान हैं लोग
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। श्रमिक कुंज वासी करीब 25 साल पहले बनी कॉलोनी की जर्जर स्थिति से परेशान हैं। निवासियों के अनुसार जर्जर हो चुकी बालकनियां कभी भी टूटकर गिर सकती हैं, ऐसे में कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं गंदे पानी की सप्लाई से लेकर नालियां जाम रहने की समस्या भी निवासियों का सिरदर्द बनी हुई है।
सेक्टर 93 स्थित श्रमिक कुंज द्वितीय इलाके में मंगलवार को कॉलोेनी निवासियों संग अमर उजाला संवाद का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद रहे। जहां उन्होंने बताया कि कॉलोनी करीब सन् 2000 में बनकर तैयार हो गई थीं। साल 2002 में यहां लोगों ने रहना शुरू कर दिया था। लेकिन करीब पांच हजार से अधिक परिवारों के मन में इस बात का डर बना हुआ है कि यदि इन कॉलोनियों की जर्जर हो चुकी बालकनियां टूट कर गिरे, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं यहां के परिवारों को साफ पीने का पानी तो दूर नहाने तक का साफ पानी तक नसीब नही होता है। इसके अलावा बारिश होते ही नालियां जाम होने के कारण पूरी कॉलोनी में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसके अलावा बार-बार बिजली कट समेत तमाम समस्याएं भी लोगों के सब्र का कड़ा इम्तिहान ले रही हैं। इस मौके पर विपिन, रनवीर, मनीष, कामता प्रसाद, कमल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
-
कोट
-
पूरे श्रमिक कुंज की कॉलोनी जर्जर हो चुकी हैं, कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
-सतपाल
-
पीने का तो दूर, नहाने के लायक भी पानी सप्लाई नही होता है, कम से कम साफ पानी आना चाहिए।
-दिनेश अवाना
-
बिजली ट्रिपिंग की समस्या बढ़ी हुई है, आजकल तो रात में यह समस्या और बढ़ गई है।
-निरंजन सिखदर
-
कई नालियां जाम पड़ी हुई हैं, ऐसे में अक्सर गंदा पानी सड़कों पर भरा रहता है।
-कुशल पाल सिंह
-
जरा सी बारिश होते ही निकासी न होने के कारण जलभराव की समस्या बढ़ जाती है।
-राम चंद्र
-
पार्कों की देख-रेख और साफ-सफाई नही होती है, इससे अक्सर गंदगी का अंबार लगा रहता है।
-बलबीर यादव