काजोल के जेठ नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि वार्ड में भर्ती अन्य तीन मरीजों को भी एक्सपायरी ग्लूकोज की बाेतल लगाई जा रही थी। उनके परिजनों को जानकारी हुई तो वह भी हंगामा करने लगे। लापरवाही से गुस्साए परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। मामले की जानकारी सीएचसी अधीक्षक को दी गई। अधीक्षक मौके पर पहुंचे और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीएचसी प्रभारी डॉ. केडी मिश्रा ने बताया प्रसूता को एक्सपायरी ग्लूकोज की बोतल चढ़ी थी, लेकिन अन्य मरीजों को नहीं चढ़ी थी। बताया मामले की जांच कराकर सख्त कार्रवाई होगी।
सीएमओ ने दो सदस्यीय कमेटी बनाई
सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है। इसमें अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल श्रीवास्तव व डॉ. ज्योति को जांच सौंपी गई है। कमेटी ने रविवार सुबह सीएचसी पहुंचकर ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स शांति, डॉ. सोमा जैन और रात्रि ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अरविंद के बयान दर्ज किए। कमेटी पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार करके सीएमओ को सौंपेगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित डॉक्टर व नर्स के खिलाफ कार्रवाई होगी। पीड़िता के जेठ ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर दोषी स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।
स्टोर प्रभारी से लेकर नर्स तक की लापरवाही
सीएचसी के दवा स्टोर प्रभारी से लेकर नर्स की लापरवाही सामने आई है। नजदीकी एक्सपायरी डेट की दवा स्टोर प्रभारी को जारी करते वक्त आगाह करना चाहिए ताकि समय रहते ही उसे प्रयोग में लाया जा सके। स्टोर प्रभारी ने ऐसा नहीं किया। नर्स ने भी बिना जांच पड़ताल किए एक्सपायरी ग्लूकोज की बोतल लगा दी। जांच के दौरान पता चला कि स्टाफ के जरिये एक से दो माह की दवाओं का स्टाक स्टोर से एक साथ लिया जाता है, जिसमें एक्सपायरी की जांच तक नहीं की जाती है।
नर्स ने मांगी माफी, वीडियो हुआ वायरल
एक्सपायरी ग्लूकोज प्रसूता को चढ़ने के बाद जब भेद खुला तो नर्स ने परिजनों से माफी मांगी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। नर्स ने वीडियो में अपनी गलती स्वीकार की है, हालांकि माफी मांगने के बाद भी मरीज के परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।
सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने कहा एक्सपायरी ग्लूकोज चढ़ाने मामले में जिन भी लोगों की लापरवाही सामने आएगी उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। स्टोर प्रभारी से लेकर संबंधित डॉक्टर के बयान दर्ज किए गए हैं।
एक्सपायरी ग्लूकोज की बोतल एवं सीएचसी में जांच के लिए पहुंची टीम। - फोटो : संवाद