अचानक वाहनों के सामने आ जाती हैं नीलगाय, टकराने से कई बार चोटिल हो चुके हैं ग्रामीण
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों पर नीलगाय आने के कारण स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अचानक नीलगाय वाहन के सामने आ जाने से कई बार हादसे भी हो चुके हैं। जिसमें ग्रामीण चोटिल भी हुए। ऐसे में ग्रामीणों की मांग है कि वन विभाग क्षेत्र से नीलगायों को पकड़कर जंगलों में छोड़े।
मिर्जापुर के रहने वाले दिनेश सिंह ने बताया कि जेवर को जाने वाली 60 मीटर रोड पर नीलगाय काफी सक्रिय रहती हैं। रात के समय अचानक वाहन के सामने आ जाने से हादसे हो चुके हैं।
रबूपुरा निवासी हरदेव त्यागी ने बताया कि बीते सप्ताह शाम के समय दनकौर जाते हुए बाइक के सामने नीलगाय आ गई। अचानक सड़क पर नीलगाय आने से बाइक अनियंत्रित हो गई और गिरने से चोट भी आई।
स्थानीय लोगों ने बताया, क्षेत्र में नीलगाय होने से काफी परेशानी होती है। कई बार नीलगाय का झुंड फसल भी खराब कर देता है। वन विभाग से भी कई बार मांग की है लेकिन नीलगाय से छुटकारा नहीं मिल सका।