संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) की महिला कबड्डी टीम 24 से 28 अक्तूबर 2025 तक लद्दाख विश्वविद्यालय के कारगिल कैंपस में आयोजित होने वाले उत्तर क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी। खेल निदेशक डॉ. शकुंतला बेनीवाल ने बताया कि टीम में विभिन्न महाविद्यालयों से चयनित प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं।
एमकेजेके कॉलेज रोहतक से किरण, अंजली, मोहिनी, सोनिया, खान, सेजल और कोमल को टीम में स्थान मिला है। टीआर गर्ल्स कॉलेज से तन्नू और प्रियंका, मीरा बाई कॉलेज से रिंकी यादव, राजकीय महाविद्यालय बहादुरगढ़ से ज्योतिका, पीटी एनआरएस कॉलेज, रोहतक से अन्नू सहारावत, डीसी आर्य कॉलेज बहादुरगढ़ से ज्योतिका, वंदेमातरम महिला महाविद्यालय रोहतक से पूजा और यूटीडी रोहतक से साक्षी टीम में शामिल हैं।
टीम की महिला कोच के रूप में सेवानिवृत्त जिला खेल अधिकारी और अनुभवी कबड्डी कोच शर्मिला राठी मार्गदर्शन करेंगी। कबड्डी कोच विकास दलाल टीम के मार्गदर्शन के लिए साथ रहेंगे। टीम मैनेजर के रूप में राजकीय महाविद्यालय सांपला के शारीरिक शिक्षा विभाग में सहायक प्रोफेसर डॉ. जयपाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कुलपति प्रो. राजबीर सिंह, खेल कार्यकारी बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजवंती शर्मा और खेल निदेशक डॉ. शकुंतला बेनीवाल ने कबड्डी टीम के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि एमडीयू की बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्टता की मिसाल कायम कर रही हैं।