ढाई साल बाद मिली लैब की चाबी पर नहीं खुल सका ताला
सेक्टर-12 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में बनी है अटल टिंकरिंग लैब
शिक्षकों की ट्रेनिंग के लिए निजी प्रशिक्षक की तलाश में स्कूल प्रबंधन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-12 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज को ढाई साल बाद अटल टिंकरिंग लैब की चाभी मिली है, लेकिन छात्रों के लिए लैब का ताला नहीं खुल सका है। अब कॉलेज प्रबंधन शिक्षकों को ट्रेनिंग देने के लिए निजी प्रशिक्षक खोज रहा है, ताकि लैब का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि इस माह लैब शुरू हो जाएगी।
सरकारी स्कूल के छात्र निजी स्कूलों के छात्रों को टक्कर दे सके, इसके लिए वर्ष 2019 में राजकीय इंटर कॉलेज में अटल टिंकरिंग लैब बनाने का काम शुरू किया गया। वर्ष 2020 में लैब तैयार हुई लेकिन कोरोना की वजह से विद्यार्थियों को लैब की सुविधा नहीं मिल सकी। कंपनी ने मार्च 2023 में स्कूल को लैब सौंपी। अप्रैल से छात्रों के लिए लैब शुरू होने थी, लेकिन संचालन के लिए ट्रेंड शिक्षकों की कमी महसूस होने लगी। वहीं, इसी के साथ ही वर्ष 2019 में प्राधिकरण ने पंचशील बालक इंटर कॉलेज में अटल टिंकरिंग लैब शुरू की गई थी। यहां पर छात्र नए-नए प्रयोग कर रहे हैं और नया सीख रहे हैं। अटल टिंकरिंग लैब में रोबोटिक कार, थ्रीडी प्रिंटर और टेलीस्कोप आदि की सुविधा है।
-
लैब के हैंडओवर होने के बाद लीकेज की दिक्कत हो गई थी। जल्द ही प्राइवेट ट्रेनर की मदद से शिक्षकों को ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि लैब को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके। - डॉ. अमित कुमार, प्रिंसिपल