पंजाब के पूर्व सीएम की पत्नी से ठगी करने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार
- सेवानिवृत्त दरोगा से 31 लाख की ठगी में पुलिस ने की कार्रवाई, खुद को ट्रेजरी मेें तैनात अधिकारी बताकर की वारदात
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पंजाब के पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर से ठगी करने वाले गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर लिया है।सेवानिवृत्त दरोगा से 31 लाख रुपये की ठगी में पुलिस ने कार्रवाई की है। आरोपी की पहचान बिहार के भागलपुर निवासी शमशेर अली के रूप में हुई है। गिरोह में शमिल शमशेर के बेटों नूर अली व अफसर अली ने वर्ष 2019 में संसद सत्र के दौरान खुद को बैंक मैनेजर बताकर परनीत कौर से खाते व ओटीपी नंबर आदि की जानकारी हासिल कर 23 लाख रुपये ठग लिए थे। दोनों आरोपियों को साइबर क्राइम की टीम गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब शमशेर पंजाब के फतेहगढ़ साहिब रहकर गिरोह के अन्य बदमाशों के साथ मिलकर खुद को ट्रेजरी का अधिकारी बताकर पुलिस पेंशनरों से ठगी कर रहा था। पुलिस टीम ने आरोपी को पंजाब से शुक्रवार रात गिरफ्तार किया है। उस पर पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों में केस दर्ज हैं।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी रीता यादव ने बताया कि दो साल पहले पीएसी से सेवानिवृत्त बागपत निवासी दरोगा रविंद्र कुमार शर्मा के बेटे ने पुलिस को शिकायत दी थी। पिता सेवानिवृत होने के बाद पेंशन शुरू कराने के प्रयास में थे। इसी बीच किसी ने फोन कर पेंशन शुरू कराने का झांसा दिया। आरोपी खुद को ट्रेजरी आफिसर बताकर रविंद्र शर्मा से खाते की जानकारी हासिल कर ली। आरोपियों ने मोबाइल पर आए ओटीपी की भी जानकारी हासिल कर कई बार में 31.10 लाख की रकम ठग ली। साइबर क्राइम थाने की टीम केस दर्ज करने के बाद से ही आरोपियों को तलाश रही थी। आरोपी शमशेर लंबे समय से पंजाब के फतेहगढ़ साहिब के न्यू शांतिनगर में लोहे के दरवाजे व खिड़की बनाने की फैक्टरी चला रहा था। यहीं आरोपी अपने बेटों व गिरोह के अन्य बदमाशों के साथ रहकर देश भर के लोगों को ठगी करता था।
पूर्व एडीजी के पिता को भी बनाया ठगी का शिकार
साइबर थाना पुलिस के मुताबिक गिरोह सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों अधिकारियों व उनके परिजन का डाटा आदि हासिल कर लेता था। इसके बाद उनके मोबाइल नंबर पर कॉल कर संपर्क करता था। गिरोह यूपी पुलिस के पूर्व एडीजी के पिता से भी इसी तरह ठगी कर चुका है। आरोपियों के बेटे नूर अली को साइबर क्राइम की टीम ने अगस्त 2021 में गिरफ्तार किया था। उस दौरान पुलिस ने 80 बैंक खाते व 40 ई-वॉलेट फ्रीज किए थे। अफसर अली को भी पुलिस गिरफ्तार कर भेज चुकी है।
जामताड़ा के ठगों के साथ की है आरोपी के बेटों ने पढ़ाई
पुलिस के मुताबिक, शमशेर अली के बेटे नूर अली व अफसर अली के साथ पढ़ाई करने वाले झारखंड के कुछ युवक जामताड़ा में रहकर साइबर ठगी कर रहे हैं। तीनों आरोपियों ने इन्हीं सहपाठियों से जानकारी हासिल कर लोगों को ठगना शुरू किया था। जामताड़ा से ही आरोपियों को लोगों का डाटा उपलब्ध कराया जा रहा था।